० काटपत्ती जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़े गए 10 जुआरी, 6,730 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त
धमतरी। 13 अगस्त (आरएनएस)। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिहावा पुलिस ने 12 अगस्त को सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को अलग-अलग दो प्रकरणों में गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6,730 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला ग्राम सेमरा गौठान का है। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर छन्नू लाल साहू (39) और वेद कुमार नेताम (26) को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 530 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद हुई। मामले में अपराध क्रमांक 62/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई ग्राम रतावा के गौरा चौक में की गई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे काटपत्ती जुआ खेल रहे सोनसाय नेताम (27), जीतेन्द्र कुमार नेताम (34), सिवन नेताम (35), केशव नेताम (35), सोनऊ राम नेताम (30), गुलाब सिंह ठाकुर (62), महेश पल्ली (62) और लीलेश्वर पवार (62) को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 64/26 के तहत धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 में प्रकरण दर्ज किया गया।
इस तरह दोनों मामलों में सिहावा पुलिस ने कुल 10 जुआरियों को गिरफ्तार कर 6,730 रुपये नगद तथा ताश की गड्डियां जब्त की हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
