गरियाबंद। अखिल भारतीय औषधि विक्रेता संगठन (AIOCD) के आह्वान पर आगामी 20 मई को होने वाले देशव्यापी दवा व्यापार बंद को गरियाबंद जिला दवा विक्रेता संघ ने अपना पूर्ण और ऐतिहासिक समर्थन दे दिया है। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जिले के दवा व्यापारी बुधवार को गरियाबंद की सड़कों पर उतरेंगे और एक विशाल मोटर साइकिल महारैली के जरिए शासन-प्रशासन के खिलाफ हुंकार भरेंगे।
यह महारैली 20 मई को दोपहर 12:00 बजे स्थानीय आरती मेडिकल शिव मंदिर से शुरू होगी। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए यह रैली दोपहर 1:00 बजे कलेक्टोरेट पहुंचेगी, जहां दवा विक्रेता संघ के पदाधिकारी प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। दवा विक्रेता संघ के जिला अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने बताया कि, इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य औषधि व्यापार और जनस्वास्थ्य से जुड़ी बेहद महत्वपूर्ण मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। ऑल इंडिया स्तर पर हो रहे इस बंद को लेकर जिले के दवा व्यापारियों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।

संगठन ने स्पष्ट किया है कि, सैकड़ों व्यापारियों की मौजूदगी वाली यह रैली पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अनुशासित रहेगी। आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात नियमों और प्रशासनिक गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा। आंदोलन की सफलता और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला अध्यक्ष अरुण मिश्रा, कोषाध्यक्ष अमीन मेमन और सचिव अश्वनी सिंह ठाकुर सहित प्रमुख पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित सूचना देकर आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा सहयोग की मांग की है। 20 मई को दवा दुकानें बंद रहने से मरीजों को परेशानी हो सकती है, इसलिए पहले से दवाएं खरीद कर रख लें।
