कांगड़ा। कांग्रेस संगठन के समर्पित कार्यकर्ता धरातल पर लोगों से जुड़े उनकी समस्याओं को समझें ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा सम्मान मिलेगा। यह शब्द कांग्रेस पार्टी के बड़े राष्ट्रीय नेता केसी वेणु गोपाल ने कांगड़ा के गुप्त गंगा में कांग्रेस पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे दस दिवसीय शिविर में पहुंचने पर कहे। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनते हैं और उनकी वैचारिक दृढ़ता से ही संगठन
पड़ी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी होने के नाते स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभा चुकी है और आजादी के बाद भी विविधताओं से भरे भारत को एक सूत्र में पिरोने में उसका अमूल्य योगदान रहा है। हिमाचल का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस न होती, तो आज का हिमाचल इस स्वरूप में अस्तित्व में नहीं होता। राज्य के गठन, विकास और पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में कांग्रेस की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रही है। आधुनिक हिमाचल के निर्माण में कांग्रेस का योगदान निर्णायक रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करें।
