सीएचओ प्रकरण में निष्पक्ष जाँच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर आज एन.एच.एम. संघ का एक दिवसीय प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट का घेराव

Follow Us

o जाँच पूरी होने तक सीएमएचओ बेमेतरा को अन्यत्र पदस्थ करने की मांग

बेमेतरा। जिले में महिला सीएचओ कर्मचारियों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ द्वारा आज 18 अगस्त दिन मंगलवार 2026 को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है।

इस दौरान संघ द्वारा कलेक्टर, बेमेतरा के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जाँच तथा तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी। संघ ने जाँच प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जाँच पूरी होने तक सीएमएचओ बेमेतरा को अन्यत्र पदस्थ करने की मांग भी रखी है।

संघ का कहना है कि, कार्यस्थल पर प्रत्येक कर्मचारी के साथ सम्मानजनक व्यवहार, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा एवं गरिमा तथा शिकायतों की निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। महिला कर्मचारियों के सम्मान एवं अधिकारों से जुड़े इस मामले में संघ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहा है।

ओमान को ट्रंप की खुली धमकी, होर्मुज़ समझौते पर बढ़ा तनाव

प्रदेश के सभी एन.एच.एम. कर्मचारियों से सामूहिक अवकाश लेकर बेमेतरा जिला मुख्यालय पहुंचने का आह्वान किया गया है। विशेष रूप से दुर्ग संभाग के एन.एच.एम. कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में बेमेतरा पहुंचकर प्रदर्शन में सहभागी बनने की अपील की गई है। वहीं प्रदेश के अन्य सभी 33 जिलों के अधिकारी कर्मचारी अपने-अपने जिला मुख्यालयों में कलेक्टर के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों का समर्थन करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने कहा कि, “शासकीय कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों का सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है। बेमेतरा में सीएचओ महिला कर्मचारियों द्वारा की गई शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जाँच कर तथ्यों के आधार पर विधि एवं नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। संघ किसी भी अधिकारी कर्मचारी के साथ अन्याय एवं कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार के विरुद्ध शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।”

एसआईआर में 33 प्रतिशत फॉर्म जमा नहीं होने पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मांगी जानकारी

एन.एच.एम. कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगें—

1. महिला सीएचओ कर्मचारियों की शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जाँच की जाए।

2. जाँच प्रक्रिया में पूर्ण प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।

3. जाँच पूरी होने तक सीएमएचओ बेमेतरा को अन्यत्र पदस्थ किया जाए।

4. दोष सिद्ध होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

5. कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित की जाए।

6. एन.एच.एम. कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक एवं निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

“महिला कर्मचारियों के सम्मान में -एन.एच.एम. संघ मैदान में।”
“निष्पक्ष जाँच – हमारा अधिकार, महिला सम्मान – हमारी प्राथमिकता।”

सरकार ने’स्माइल’योजना के माध्यम से व्यापक पुनर्वास और सामाजिक समावेशन को किया मजबूत