पीएम मोदी की अपील का असर: SP-ASP ने साइकिल से पहुंचकर दिया फिटनेस और पर्यावरण बचाने का संदेश

Follow Us

कवर्धा। ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश केवल नारों तक सीमित नहीं है, इसे कबीरधाम पुलिस ने हकीकत में कर दिखाया है। पीएम नरेंद्र मोदी की अपील से प्रेरित होकर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेंद्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पुष्पेंद्र सिंह बघेल मंगलवार को अपनी सरकारी गाड़ियां छोड़कर साइकिल से दफ्तर पहुंचे। पुलिस के इन बड़े अधिकारियों को सड़क पर साइकिल चलाते देख शहरवासी भी हैरान रह गए और इस पहल की जमकर सराहना की।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने इस मौके पर कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर ही हम ऊर्जा की बचत, पर्यावरण की सुरक्षा और खुद को स्वस्थ रख सकते हैं। इस अभियान में उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव सहित विभाग के कई अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी साइकिल चलाकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कबीरधाम पुलिस की यह अनोखी पहल आम जनता के लिए एक सीधा संदेश है कि देश के संसाधनों पर बोझ कम करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि, हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन या कार-पूलिंग जैसे विकल्पों को अपनाने की पुरजोर अपील की थी। उन्होंने आयात पर होने वाले लाखों करोड़ों के खर्च को बचाने के लिए देशवासियों से एकजुट होने का आह्वान किया था। कवर्धा पुलिस ने इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए यह साबित किया है कि अगर ठान लिया जाए, तो जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग समाज के लिए एक बेहतरीन मिसाल पेश कर सकते हैं।