कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर घमासान तेज: भूपेश बोले- फैसला हाईकमान का, मैं दखल नहीं देता

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही सियासत पर बड़ा बयान दिया है। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि, पार्टी में किसे प्रदेश अध्यक्ष बनाना है और किसे नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी देनी है, यह फैसला पूरी तरह हाईकमान का होता है। उन्होंने कहा कि, वह इन मामलों में अपनी ओर से कोई राय नहीं देते। दरअसल, टीएस सिंह देव के हालिया बयानों के बाद कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इस पर प्रतिक्रिया मांगने पर भूपेश बघेल ने कहा कि वह टीएस सिंहदेव के बयानों पर टिप्पणी नहीं करते। साथ ही उन्होंने मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का बचाव करते हुए कहा कि, पार्टी पिछले साढ़े तीन साल से उनके नेतृत्व में काम कर रही है।

प्रेसवार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने देश के हालातों को “अघोषित आपातकाल” जैसा बताते हुए कहा कि, लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने मीडिया और व्यापारिक जगत पर दबाव का आरोप लगाते हुए कहा कि, देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। युवा राजनीति को लेकर उन्होंने कहा कि, आज की Gen-Z लोकतंत्र को मजबूत करने की क्षमता रखती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले संगठन चुनावों में 90 के दशक के बाद की युवा पीढ़ी नेतृत्व संभालेगी। बघेल ने कहा कि युवा कांग्रेस पार्टी का सबसे मजबूत स्तंभ है और भविष्य की राजनीति युवाओं के हाथ में होगी। इसके अलावा उन्होंने पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भी सरकार को घेरा।