बिलासपुर। न्यायधानी में पुलिस और कबाड़ कारोबारियों की कथित सांठगांठ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। तस्वीर में चर्चित कबाड़ कारोबारी अकबर खान को कोनी थाने के अंदर आराम से बैठकर चाय पीते देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों का रवैया भी किसी आरोपी के बजाय खास मेहमान जैसा दिखाई दे रहा है। वायरल फोटो सामने आने के बाद लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं कि, आखिर अवैध कबाड़ कारोबार पर कार्रवाई के दावों के बावजूद आरोपियों को थाने में इतनी ‘VIP सुविधा’ क्यों दी जा रही है।
स्थानीय चर्चाओं में यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से इलाके में अवैध कबाड़ कारोबार फल-फूल रहा है। मामले में प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हैरानी की बात यह है कि, हाल ही में एसपी ने जिलेभर के थाना प्रभारियों को अवैध कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कोनी थाना क्षेत्र में संचालित कबाड़ दुकान पर केवल औपचारिक कार्रवाई किए जाने की बात सामने आ रही है। विवाद बढ़ने पर एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने सफाई देते हुए कहा कि, अकबर खान को दस्तावेजों की जांच के लिए थाने बुलाया गया था, न कि, किसी विशेष खातिरदारी के लिए। पुलिस का दावा है कि, संबंधित कबाड़ दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है।
