नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन अब और भी आसान होने वाले हैं। दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (DTTDC) रेखा गुप्ता सरकार के नेतृत्व में जल्द ही ‘दिल्ली टेंपल टूरिज्म सर्किट’ की शुरुआत करने जा रहा है। इस अनूठी योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के पर्यटन को केवल मुगलकालीन स्मारकों और ऐतिहासिक स्थलों तक सीमित न रखकर, यहाँ के समृद्ध आध्यात्मिक केंद्रों से जोड़ना है। इसके तहत विशेष बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दिल्ली के प्रमुख मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे।
इस प्रस्तावित रूट में अक्षरधाम मंदिर, बिड़ला मंदिर, लॉर्ड वेंकटेश्वर (बालाजी) मंदिर, सीआर पार्क की काली बाड़ी और सदियों पुराने ऐतिहासिक योगमाया मंदिर जैसे पवित्र स्थलों को शामिल किया गया है। शुरुआत में इस सेवा को दो छोटी बसों के साथ लॉन्च किया जाएगा ताकि संकरे रास्तों और ऊंचाई संबंधी पाबंदियों में कोई दिक्कत न आए। बाद में यात्रियों के रिस्पॉन्स को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस यात्रा के लिए सीटों की बुकिंग सरकार के ‘देखो मेरी दिल्ली’ प्लेटफॉर्म के जरिए की जा सकेगी।
इस मेगा प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए पर्यटन विभाग इसी जून महीने के अंत में अक्षरधाम मंदिर में एक दिवसीय विशेष वर्कशॉप आयोजित करने जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में देश भर के प्रतिष्ठित आध्यात्मिक संगठन शामिल होंगे। वर्कशॉप के बाद एक विशेष लंच का भी आयोजन होगा, जिसमें श्री श्री रविशंकर और सद्गुरु जैसी देश की जानी-मानी आध्यात्मिक हस्तियां मुख्य रूप से शिरकत करेंगी। यह नई पहल निश्चित रूप से दिल्ली में धार्मिक पर्यटन को एक नया आयाम देगी।
