o यूफोरिया-2026 में गीत-संगीत की प्रस्तुतियां, एमबीबीएस सीटें 230 से बढ़कर 250 हुईं – डीन ने पेश किया वार्षिक प्रतिवेदन
रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में वार्षिक उत्सव इम्पेटस-2026 का आयोजन हुआ। बुधवार शाम अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल और पूर्व डीन डॉ. चंद्र कुमार शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। डीन डॉ. विवेक चौधरी ने वार्षिक प्रतिवेदन 2025-26 प्रस्तुत करते हुए बताया कि NMC से MBBS सीटें 230 से बढ़ाकर 250 करने की स्वीकृति मिली है। सुपर स्पेशियलिटी में नई सीटें, विदेशी मेडिकल स्नातकों की इंटर्नशिप सीटें 17 से बढ़ाकर 64 की गईं। टेली-शिक्षा व्यवस्था, टेली रेडियोलॉजी नेटवर्क, स्मार्ट क्लासरूम, केंद्रीय पुस्तकालय नवीनीकरण, 1.40 करोड़ के सिविल कार्य और आधुनिक उपकरणों की खरीदी जैसी उपलब्धियां हासिल हुईं। अस्पताल के विभिन्न विभागों ने लाखों मरीजों का उपचार किया।
मुख्य सचिव का संदेश – मुख्य अतिथि विकासशील ने कहा चिकित्सा विज्ञान के साथ एक कला भी है। AI और तकनीक मानवीय संवेदना, करुणा की जगह नहीं ले सकती। महत्वाकांक्षी बनिए लेकिन खुद को ज्यादा गंभीरता से मत लीजिए, जीवन केवल अंक और रैंक तक सीमित नहीं है। खुशियों को भविष्य के लिए मत टालिए, छात्रावास के पल, मित्रता और सांस्कृतिक कार्यक्रम ही अनमोल स्मृतियां बनेंगे। एक सफल डॉक्टर वह है जो मरीज की बात ध्यान से सुनता है।
यूफोरिया में बंधा समां – सांस्कृतिक कार्यक्रम यूफोरिया-2026 में विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बाबा गुरु घासीदास के जीवन पर आधारित पंथी नृत्य, श्रुति सिंह का सोलो डांस, दिव्या मिंज, जियाना कुरैशी, हर्षिता साहू के नृत्य और अर्णव बिसेन के कीबोर्ड वादन ने समां बांधा। अनारकली की मीनार प्रहसन में मासिक धर्म से जुड़े मिथकों पर प्रहार किया गया।
बिलासपुर में 25 हजार की रिश्वत का मामला, पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी निलंबित

