सुरक्षित बचपन अभियान: जशपुर के तीन स्कूलों में बच्चों को पॉक्सो एक्ट और साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी

Follow Us

जशपुरनगर । सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिले के तीन विद्यालयों में 28 अक्टूबर को जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलिंटियर्स के माध्यम से देव पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल जशपुर, सेंट जेवियर इंग्लिश मीडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शांतिभवन और स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम नवीन आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिविर लगाए गए।

देव पब्लिक स्कूल में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) जनार्दन खरे और जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सरोजनी जनार्दन खरे उपस्थित रहे। वहीं, सेंट जेवियर स्कूल में व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी दिव्या गोयल तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रशिक्षु न्यायाधीश अभिनव कुमार अग्रवाल ने सहभागिता की।

शिविरों में बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार एवं संरक्षण और साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी असहज परिस्थिति में उचित सहायता लेने के महत्व से अवगत कराया गया।अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक जानकारी देना है।