त्योहारी सीजन में नो-पार्किंग पर यातायात पुलिस सख्त, एक दिन में 527 वाहनों पर ई-चालान

Follow Us

पुरानी बस्ती से पंडरी-तेलीबांधा तक विशेष अभियान, बाजारों में जाम से निपटने निगरानी

रायपुर। त्योहारी सीजन में राजधानी के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर यातायात सुगम बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और उपायुक् यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में पुरानी बस्ती, मालवीय रोड, रायपुरा बाजार, महोबा बाजार, शारदा चौक, पचपेड़ी नाका, पंडरी कपड़ा मार्केट, तेलीबांधा बाजार, तेलघानी नाका सहित प्रमुख बाजारों में अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत आज एक दिन में नो-पार्किंग उल्लंघन के 527 प्रकरणों में ITMS प्रणाली के माध्यम से POS मशीन से ई-चालानी कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने मुख्य मार्ग पर सफेद पट्टी के भीतर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने, बीच सड़क पर बस रोककर सवारी चढ़ाने-उतारने, सर्विस रोड पर ट्रक-भारी वाहन खड़ा करने और बाजारों में अव्यवस्थित पार्किंग से जाम लगाने वालों पर कार्रवाई की है।

पुलिस ने वाहन चालकों, व्यापारियों, बस और ट्रक संचालकों से अपील की है कि वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें, नो-पार्किंग में वाहन न लगाएं। पुलिस का कहना है त्योहारी भीड़ को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।