भारत में बदल रहा है चाय पीने का अंदाज, रेडी-टू-ड्रिंक चाय की बिक्री में 109% उछाल

Follow Us

भारत में चाय केवल एक पेय नहीं, बल्कि जीवनशैली और संस्कृति का हिस्सा है। हालांकि अब देश में चाय पीने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। पारंपरिक अदरक और मसाला चाय के साथ-साथ रेडी-टू-ड्रिंक (RTD) चाय, कोम्बुचा और फलों के फ्लेवर वाली चाय की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, रेडी-टू-ड्रिंक चाय की बिक्री में साल-दर-साल 109 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सुविधा और व्यस्त जीवनशैली के चलते लोग ऐसे पेय पदार्थों को पसंद कर रहे हैं जिन्हें कहीं भी आसानी से ले जाकर पिया जा सके। भारत में चाय के नए फ्लेवर भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इनमें पीच टी सबसे तेज़ी से उभरने वाला फ्लेवर बनकर सामने आया है, जिसकी मांग में 62 गुना से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा ब्लू पी टी, कोम्बुचा, तुलसी टी और ग्रीन टी भी लोगों की पसंद में शामिल हो रहे हैं। स्वास्थ्य और वेलनेस को लेकर बढ़ती जागरूकता के कारण इन पेय पदार्थों की मांग बढ़ रही है।

हालांकि नए प्रयोगों के बावजूद पारंपरिक चाय का दबदबा अब भी कायम है। देशभर में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली चायों में अदरक वाली चाय, ब्लैक टी, इलायची चाय, ग्रीन टी और मसाला चाय शामिल हैं। अदरक वाली चाय लगभग हर बड़े शहर में सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली चाय बनी हुई है। चाय प्रेमी शहरों की बात करें तो बेंगलुरु देश में सबसे आगे है। इसके बाद मुंबई और हैदराबाद का स्थान है। वहीं, चाय की खपत में सबसे तेज वृद्धि छोटे शहरों में देखने को मिली है, जिनमें भुवनेश्वर, तिरुवनंतपुरम और कोच्चि प्रमुख हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार चाय खरीदने का सबसे लोकप्रिय दिन है। इसके बाद शनिवार और गुरुवार को सबसे अधिक ऑर्डर दर्ज किए गए। यह अध्ययन जून 2025 से जून 2026 के बीच 130 से अधिक भारतीय शहरों में एक फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर किए गए ऑर्डर्स के विश्लेषण पर आधारित है। चाय की बदलती पसंद यह संकेत देती है कि भारतीय उपभोक्ता अब पारंपरिक स्वाद के साथ-साथ नए फ्लेवर और सुविधाजनक विकल्पों को भी अपनाने लगे हैं, जबकि अपनी चाय संस्कृति से उनका जुड़ाव अब भी बरकरार है।