नहर किनारे मिली युवक की संदिग्ध लाश: पास में पड़ी मिली महुआ शराब, जांच में जुटी अकलतरा पुलिस

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोटमी सोनार में शनिवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम ठडगाबहरा निवासी लक्ष्मी नारायण ओग्रे के रूप में की गई है। उसकी लाश कोटमी सोनार स्थित क्रोकोडाइल पार्क के पीछे, नहर के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ी मिली। सुबह जब स्थानीय लोगों ने शव को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना अकलतरा थाना पुलिस को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के शव के पास ही देसी महुआ शराब भी पड़ी हुई मिली है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अत्यधिक शराब सेवन का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।