सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं बहन श्वेता सिंह कीर्ति, बोलीं- ‘वह आज भी लाखों दिलों में जिंदा हैं’

Follow Us

मुंबई। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने उन्हें याद करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। 14 जून 2020 को सुशांत के निधन को छह वर्ष पूरे हो गए हैं। इस मौके पर श्वेता ने सोशल मीडिया पर भाई की यादों को साझा करते हुए उनके जीवन और मूल्यों को याद किया। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में श्वेता ने लिखा कि वह सुशांत के जाने के तरीके को नहीं, बल्कि उनके जीने के अंदाज को याद करना पसंद करती हैं। उन्होंने कहा कि सुशांत में बच्चों जैसी जिज्ञासा थी और वह जीवन, ब्रह्मांड तथा इंसानी दिमाग के रहस्यों को जानने के लिए हमेशा उत्सुक रहते थे। श्वेता ने कहा कि सुशांत ने सभी को यह सिखाया कि सफलता तभी मायने रखती है जब उसके साथ दया और संवेदनशीलता भी हो। उन्होंने बताया कि अभिनेता हर व्यक्ति के साथ सम्मान और विनम्रता से पेश आते थे, चाहे वह कोई भी हो। भावुक पोस्ट में श्वेता ने आगे लिखा कि समय बीत सकता है, लेकिन कुछ लोग और उनकी यादें समय से भी बड़ी हो जाती हैं। उनका मानना है कि प्यार कभी खत्म नहीं होता और एक खूबसूरत आत्मा का प्रभाव हमेशा लोगों के जीवन में बना रहता है।

 

उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति नफरत की जगह दया, निराशा की जगह उम्मीद और आलोचना की जगह प्रेम को चुनता है, तब सुशांत के विचार और मूल्य जीवित रहते हैं। श्वेता के अनुसार, सुशांत को सच्ची श्रद्धांजलि दुख मनाने में नहीं, बल्कि उनके दिखाए रास्ते पर चलने में है। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि जीवन की असली पहचान उसकी लंबाई नहीं, बल्कि उससे प्रेरित होने वाले लोगों की संख्या होती है। श्वेता ने कहा कि सुशांत आज भी लाखों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं और हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।