मुंबई। टीवी अभिनेत्री सुरभि ज्योति के घर खुशियों ने दस्तक दी है। 38 वर्ष की उम्र में अभिनेत्री मां बन गई हैं। सुरभि ने 13 जून को एक बेटी को जन्म दिया, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ साझा की। इंस्टाग्राम पर खुशखबरी देते हुए सुरभि ने लिखा, “हमारी बेटी आ गई है। हमारा दिल प्यार और कृतज्ञता से भर गया है।” उनकी इस पोस्ट पर फैंस और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारों ने शुभकामनाएं दीं।

अभिनेत्री आशका गोराडिया, किश्वर मर्चेंट, शालीन मल्होत्रा और सिमर कौर समेत कई कलाकारों ने सुरभि और उनके परिवार को बधाई दी। बता दें कि सुरभि ज्योति ने 27 अक्टूबर 2024 को अभिनेता सुमित सूरी से शादी की थी। शादी के बाद अब यह कपल एक प्यारी बेटी के माता-पिता बन गया है। सुरभि ज्योति टीवी के लोकप्रिय शो ‘कुबूल है’ में जोया फारूकी और ‘नागिन 3’ में बेला के किरदार से घर-घर में पहचान बना चुकी हैं।
