संडे ड्यूटी पर संग्राम: अस्पताल कर्मचारियों का वर्क बॉयकॉट, प्रबंधन के फैसले पर उठे सवाल

Follow Us

कोरबा। जिले के गेवरा-दीपका स्थित नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनसीएच) में रविवार को संडे ड्यूटी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ड्यूटी में कटौती से नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि, कुछ लोगों की संडे ड्यूटी हटाकर भेदभाव किया जा रहा है, जबकि अस्पताल में रोजाना भारी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। कर्मचारियों ने कहा कि, एनसीएच केंद्रीय अस्पताल होने के कारण गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा और कोरबा समेत कई क्षेत्रों से प्रतिदिन करीब 300 मरीज ओपीडी में आते हैं। ऐसे में सभी कर्मचारियों को समान रूप से संडे ड्यूटी का अवसर मिलना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि, या तो सभी कर्मचारियों की रविवार ड्यूटी लगाई जाए या पूरी तरह बंद की जाए। साथ ही कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ जांच की मांग भी उठाई गई। विवाद की सूचना मिलने पर गेवरा एरिया की कार्मिक प्रबंधक सुधा शिंदे अस्पताल पहुंचीं और कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार कार्य करने की समझाइश दी। वहीं सीएमएस डॉ. विजयलक्ष्मी धान ने बताया कि, उच्च प्रबंधन के निर्देश पर रविवार की ओपीडी सेवा बंद की गई है, हालांकि इनडोर सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।