जशपुर में आंधी-तूफान का कहर, कच्चा मकान ढहने से युवक की मौत; मां और पत्नी घायल

Follow Us

जशपुर। जिले के कांसाबेल क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। कांसाबेल थाना क्षेत्र के घोघर गांव में तेज हवाओं के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में मकान के मलबे में दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, तेज हवा के दौरान मकान गिरने से परिवार के लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को इलाज के लिए कांसाबेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

आंधी-तूफान के चलते क्षेत्र में कई पेड़ भी उखड़कर गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।