पानी टंकी पर चढ़े युवक को पुलिस ने समझाकर बचाया, आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश नाकाम

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जिले के जांजगीर-नैला नगरपालिका क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। वार्ड क्रमांक 14 में मानसिक रूप से कमजोर युवक दुर्गेश राठौर के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जिला पुलिस की रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए। पुलिस जवानों ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक से बातचीत की और उसे समझाकर नीचे उतरने के लिए राजी किया।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम युवक को सकुशल पानी की टंकी से नीचे उतारने में सफल रही। समय रहते पुलिस की तत्परता से युवक की जान बच गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रयासों की सराहना की।