शेयर बाजार अपडेट टुडे: सेंसेक्स 400 अंक उछला, निफ्टी 23,750 के पार, आईटी शेयरों ने भरी सबसे तेज उड़ान

Follow Us

नई दिल्ली। लगातार जारी उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार (19 मई) को शानदार रिकवरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही चौतरफा खरीदारी के दम पर सेंसेक्स 400 अंकों की जोरदार तेजी के साथ 75,700 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 100 अंकों की बढ़त लेकर 23,750 के पार कारोबार करता नजर आया। आज के बाजार की कमान पूरी तरह से आईटी (IT) सेक्टर के हाथों में रही, जहां निवेशकों ने जमकर लिवाली की। हालांकि, दूसरी तरफ निफ्टी प्राइवेट बैंक के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया।

वैश्विक मोर्चे पर बात करें, तो एशियाई बाजारों से आज मिले-जुला संकेत मिले। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स जहां 3.61% की भारी गिरावट के साथ बंद हुआ, वहीं जापान का निक्केई भी टूटकर नीचे आ गया। दूसरी ओर, हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में मामूली बढ़त देखी गई। अमेरिकी बाजारों में भी सोमवार को ऐसा ही मिला-जुला रुख था, जहां डाउ जोन्स तो बढ़त के साथ बंद हुआ लेकिन नैस्डैक और S&P 500 में सुस्ती रही।

बाजार के जानकारों के मुताबिक, भारतीय बाजार को घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) से बड़ा सहारा मिल रहा है, जिन्होंने पिछले 30 दिनों में बाजार में 61,285 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश किया है। हालांकि, विदेशी निवेशक (FIIs) पिछले एक महीने में बाजार से 55,567 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं, लेकिन सोमवार को उनकी तरफ से हुई 1,329 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी ने घरेलू निवेशकों के हौसले को नए पंख लगा दिए हैं।