स्टॉक मार्केट बूम: सेंसेक्स 400 अंक उछला, निफ्टी में 150 अंकों की तेजी,मेटा -ऑटो शेयरों में जोरदार खरीदारी

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को मजबूत शुरुआत देखने को मिली, जहां निवेशकों की भारी खरीदारी से बाजार हरे निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 400 अंक उछलकर 78,250 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि दिन के दौरान इसमें लगभग 500 अंकों की तेजी भी दर्ज की गई।

इसी तरह एनएसई निफ्टी भी करीब 150 अंक बढ़कर 24,400 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में सबसे अधिक तेजी मेटल और ऑटो सेक्टर में देखने को मिली, जहां निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। इससे दोनों सेक्टरों ने इंडेक्स को मजबूत सपोर्ट दिया। घरेलू निवेशकों की सकारात्मक धारणा और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की हालिया खरीदारी का असर भी बाजार पर साफ दिखाई दिया।

हालांकि एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा, लेकिन भारतीय बाजार ने मजबूती दिखाई। दक्षिण कोरिया, जापान के बाजारों में गिरावट जबकि हांगकांग बाजार में हल्की बढ़त दर्ज की गई। पिछले सत्र में FII ने रु.1,355 करोड़ की खरीदारी की, जबकि DII ने बिकवाली की थी। इसके बावजूद पिछले कुछ दिनों में घरेलू संस्थागत निवेशकों की मजबूत भागीदारी बाजार को सपोर्ट देती रही है। अमेरिका के बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिला, लेकिन भारतीय बाजार ने सकारात्मक रफ्तार बनाए रखी।