मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आ रहा है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के कुछ लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे खेमे के संपर्क में होने की चर्चाओं ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
सूत्रों के मुताबिक, उद्धव गुट के कुछ वरिष्ठ नेता सांसदों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कई सांसदों के फोन बंद बताए जा रहे हैं। इसी बीच चर्चा है कि, दिल्ली में उद्धव गुट के 9 में से 6 सांसद बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि, कुछ सांसद दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य के पहुंचने का इंतजार है। यह बैठक शिंदे गुट के सांसद श्रीकांत शिंदे के आवास पर होने की संभावना है। इसके बाद सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात कर सकते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि सांसदों को पाला बदलने के लिए बड़ी रकम का ऑफर दिया जा रहा है। हालांकि इन दावों पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले उद्धव ठाकरे ने मातोश्री में सांसदों की बैठक बुलाई थी। बैठक में कुछ सांसदों की अनुपस्थिति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई थीं। महाराष्ट्र में संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली बैठकों पर टिकी हैं।
