बिलासपुर। बिलासपुर के लालखदान क्षेत्र के संत नगर में एक युवक की लाश मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार के तौर पर हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तोरवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान टीम को शव के आसपास एक पर्स, गमछा और पानी की बोतल मिली। इन सभी वस्तुओं को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच के लिए भेजा गया है।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। मौत की असल वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर युवक की गतिविधियों और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मामले में किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के परिणामों का इंतजार कर रही है।
