जशपुर। छठ महापर्व के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी के साथ जशपुर के छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान सूर्य से छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सूर्योपासना की। उन्होंने छठ घाट पर पहुंचकर उषा अर्घ्य दिया और इस पावन पर्व की धार्मिक परंपराओं में सहभागिता निभाई।
अर्घ्य अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने छठी मैया से प्रदेश के लोगों के कल्याण और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। छठ महापर्व आस्था, संयम, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पर्व में उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा का विशेष महत्व है। व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
