50 सप्ताह पूरे होने पर सीएम योगी का भावुक संदेश, बोले- जनता और सरकार के बीच विश्वास का सेतु बनी ‘मुख्यमंत्री पाती’

Follow Us

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी साप्ताहिक संवाद श्रृंखला ‘मुख्यमंत्री पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर प्रदेशवासियों के साथ भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच रिश्ता केवल सरकारी सूचनाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें अपनापन, विश्वास और संवाद की भावना भी होनी चाहिए। ‘मुख्यमंत्री पाती’ इसी सोच के साथ शुरू की गई थी, जो आज सरकार और समाज के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बन चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि आत्मीयता के साथ संवाद होता है। उन्होंने बताया कि इस पहल की प्रेरणा उन्हें वनटांगिया गांव के पहले दौरे के दौरान मिली थी। वहां कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों की कठिन परिस्थितियां और वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं से दूर रहने की स्थिति देखकर उन्हें गहरा दुख हुआ था।

योगी ने कहा कि उस अनुभव ने उन्हें यह एहसास कराया कि शासन का असली उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। उसकी समस्याओं, अपेक्षाओं और पीड़ा को समझना भी सरकार की जिम्मेदारी है। इसी भावना ने जनता और शासन के बीच लगातार संवाद बनाए रखने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 50 सप्ताह में लिखे गए पत्र केवल उनके विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और लोगों से जुड़ने का माध्यम भी बने हैं। उन्हें खुशी है कि इस संवाद श्रृंखला को प्रदेश के बाहर भी लोगों का स्नेह और समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने सुझावों, अपेक्षाओं और विचारों को भी ‘मुख्यमंत्री पाती’ के माध्यम से साझा करें। मुख्यमंत्री के अनुसार, जनता की आवाज ही इस पहल की वास्तविक ताकत है और लोगों की भागीदारी से यह संवाद और अधिक सार्थक बनेगा। अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनका प्रयास है कि ‘मुख्यमंत्री पाती’ सरकार और समाज के बीच विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो दोनों को और करीब लाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।