तीजन बाई के नाम पर मिलेगा राज्यस्तरीय पंडवानी पुरस्कार, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने की बड़ी घोषणा

Follow Us

रायपुर। महान पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई की स्मृति को संजोने और उनके कला योगदान को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। रायपुर में आयोजित सांगीतिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने घोषणा की कि अब पंडवानी कला के क्षेत्र में स्वर्गीय तीजन बाई के नाम पर राज्यस्तरीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री ने तीजन बाई को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए भारतीय लोककला और पंडवानी परंपरा में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने तीजन बाई के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तीजन बाई की कला और विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास करेगी। उन्होंने घोषणा की कि तीजन बाई के पैतृक गांव गनियारी का समग्र विकास किया जाएगा, ताकि यह स्थान उनकी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा केंद्र बन सके। उन्होंने यह भी बताया कि तीजन बाई द्वारा उपयोग किया गया ऐतिहासिक तंबूरा अब घासीदास संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा। इससे नई पीढ़ी को उनकी कला यात्रा और पंडवानी परंपरा के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों, साहित्यकारों और गणमान्य नागरिकों ने भी स्वर्गीय तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और लोककला के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।