बस्तर में हिंसा की जगह खेल और विकास ने ली जगह, जनजातीय समाज के सम्मान व समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री साय

Follow Us

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में काम कर रही है। समारोह को राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान अब हिंसा और भय से नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, संस्कृति और विकास से बन रही है।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से बस्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलताओं के बाद दूरस्थ इलाकों में शांति और विश्वास का वातावरण तैयार हुआ है। जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब खेल मैदान बन रहे हैं और युवा शिक्षा, कौशल तथा खेल के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी और एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों की नीट एवं जेईई जैसी परीक्षाओं में सफलता को जनजातीय युवाओं की बदलती तस्वीर बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण सरकार का महत्वपूर्ण संकल्प है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर समाज को स्वाभिमान एवं अधिकारों के लिए संगठित किया। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल की। मुख्यमंत्री ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा पीएम-जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास की जानकारी दी। उन्होंने पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी को सम्मानित किया तथा जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र खोले गए हैं, जिससे कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। इससे किसानों को उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने और अनावश्यक भीड़ से राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण पारिश्रमिक, चरण पादुका योजना, महतारी वंदन योजना और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बस्तर में नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसी पहल से विकास कार्यों को गति मिल रही है। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित अनेक मंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।