रायपुर/कोरबा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से दिल दहला देने वाले हादसों की खबर सामने आई है, जहां बीते 24 घंटों में कुल 7 लोगों (6 पुरुष और 1 महिला) की अकाल मौत हो गई। ये हादसे रायपुर, कोरबा और सूरजपुर जिलों में रफ्तार के कहर, फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही और ट्रेन की चपेट में आने के कारण हुए।
कहां-कहां हुए ये दर्दनाक हादसे:
कोरबा में दो ग्रामीणों की मौत, चक्काजाम- जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने दो ग्रामीणों (प्रकाश और बबलू) को रौंद दिया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने अवैध रेत परिवहन करने वाले तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के खिलाफ आधी रात तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
पिकनिक से लौट रहे युवकों की ऑटो पलटी- बालको थाना क्षेत्र के अगजरबहार के पास पिकनिक मनाकर लौट रहे 10 युवकों से भरी एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव नामक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हैं।
फैक्ट्री में मशीन में दबकर महिला मजदूर की मौत-कोरबा की एक राखड़ ईंट फैक्ट्री में चालू मशीन की सफाई करते समय लीवर गिरने से 26 वर्षीय बिछनी बाई की दबकर मौत हो गई। विधायक फूल सिंह राठिया के नेतृत्व में हुए ४ घंटे के आंदोलन के बाद फैक्ट्री संचालक ने पीड़ित परिवार को रू.75,000 की तत्काल सहायता, बच्चे के नाम रु.2 लाख की एफडी और एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया।
ट्रेन की चपेट में आया ग्रामीण- अभनपुर में रायपुर-राजिम ट्रेन की चपेट में आने से सिवनी निवासी एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रैक के पास से उसकी बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस सुसाइड और एक्सीडेंट दोनों एंगल से जांच कर रही है।
सूरजपुर में ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत- बसदेई चौकी क्षेत्र के सिंदरी नाले में रेत लेने जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दर्रीपारा निवासी ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पीएम के लिए भेज दिया है।
