कबीरधाम। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने देर रात आउटर और संवेदनशील क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न इलाकों में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।निरीक्षण के दौरान एसपी ने घोठिया रोड सहित कई सुनसान और संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर रहे लोगों से पूछताछ की गई और उन्हें थाने लाकर समझाइश दी गई। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई।रात्रिकालीन अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटे गए।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों के अनुसार जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में आगे भी नियमित गश्त और औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
