आईफोन की दीवानगी पर सोनू सूद का तंज, बोले- असली अपग्रेड फोन नहीं, समाज का होना चाहिए

Follow Us

मुंबई। भारत में महंगे सामान के प्रति लोगों की दीवानगी और दिखावे की प्रवृत्ति अक्सर चर्चा में रहती है। शुक्रवार को नए आईफोन की बिक्री शुरू होने के साथ देश के कई शहरों में एप्पल स्टोर्स के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इसी तस्वीर को लेकर अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लोगों को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एप्पल स्टोर के बाहर लगी ग्राहकों की भीड़ की तस्वीर साझा की। उन्होंने महंगे फोन खरीदने के लिए खर्च और ईएमआई के बजाय अपनी कमाई और ऊर्जा का इस्तेमाल समाज की बेहतरी के लिए करने की बात कही।

अभिनेता ने पोस्ट में लिखा, “नया फोन, नई ईएमआई, वही पुराने बिल! शायद यह समय सिर्फ अपने फोन को अपग्रेड करने का नहीं, बल्कि समाज में कुछ सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कतार में खड़े होने का है। असली अपग्रेड एक बेहतर समाज का निर्माण है।”सोनू सूद की इस टिप्पणी को महंगे स्मार्टफोन की खरीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच तुलना के तौर पर देखा जा रहा है। उनकी पोस्ट का मुख्य संदेश लोगों को भौतिक चीजों के पीछे भागने के बजाय समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए योगदान देने पर केंद्रित है।

शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 200 अंक चढ़ा; निफ्टी 23,300 के पार

नए आईफोन की बिक्री को लेकर दिखा उत्साह
नए आईफोन की बिक्री शुरू होने के साथ दिल्ली, नोएडा, मुंबई, बेंगलुरु समेत देश के कई बड़े शहरों में एप्पल स्टोर्स और आधिकारिक विक्रेताओं के यहां ग्राहकों की भीड़ नजर आई। कई ग्राहकों ने फोन की बिक्री शुरू होने से पहले ही प्री-बुकिंग करा ली थी।

विक्की कौशल भी पहुंचे एप्पल स्टोर
इस बीच अभिनेता विक्की कौशल भी मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित आधिकारिक एप्पल स्टोर पहुंचे। उन्होंने नए आईफोन की खरीदारी की और स्टोर पर फोन का अनबॉक्सिंग किया। विक्की ने फोन के फीचर्स देखे और पैपराजी के सामने सेल्फी लेते हुए पोज भी दिए।आईफोन को लेकर जहां ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं सोनू सूद की टिप्पणी ने महंगे गैजेट्स की खरीदारी के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और प्राथमिकताओं को लेकर एक अलग चर्चा छेड़ दी है।