गर्मियों में एयर कंडीशनर (AC) हर घर और ऑफिस की जरूरत बन गया है, लेकिन इससे निकलने वाला पानी अक्सर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। जबकि यह कंडेन्सेशन वॉटर कई घरेलू कामों में बेहद उपयोगी साबित हो सकता है और पानी की बचत में मदद करता है। AC हवा की नमी को खींचकर उसे पानी में बदलता है, जो ड्रेन पाइप से बाहर निकलता है। यह पानी पीने या खाना बनाने के लिए सुरक्षित नहीं होता, लेकिन अन्य कई कामों में इसका उपयोग किया जा सकता है।

सबसे अच्छा उपयोग इसे पौधों की सिंचाई में करना है। यह सॉफ्ट पानी होता है, जो गमलों और गार्डन के पौधों के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा घर की सफाई जैसे फर्श पोछना, बाथरूम और बालकनी धोने में भी यह पानी काम आता है। AC का पानी कार और बाइक धोने में भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे ताजे पानी की बचत होती है। कुछ लोग इसे टॉयलेट फ्लश टैंक में भी स्टोर करके उपयोग करते हैं, जो पानी की कमी वाले क्षेत्रों में बेहद उपयोगी है। वहीं स्टीम आयरन में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है क्योंकि इसमें खनिज कम होते हैं, जिससे मशीन में स्केल जमने की समस्या कम होती है। हालांकि ध्यान रखना जरूरी है कि, इस पानी को लंबे समय तक स्टोर न करें और AC के फिल्टर व पाइप की नियमित सफाई करते रहें।
