सनातन धर्म में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि, हर शिवलिंग की पूजा एक ही विधि से नहीं की जाती? शिव पुराण के अनुसार, शिवलिंग केवल भगवान शिव का प्रतीक नहीं, बल्कि सृष्टि की अनंत ऊर्जा और परम चेतना का स्वरूप माना जाता है। इसलिए इसकी पूजा के नियम भी अलग-अलग बताए गए हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिवलिंग मुख्य रूप से शक्ति शिवलिंग और विष्णु शिवलिंग दो प्रकार के होते हैं। शक्ति शिवलिंग वह माना जाता है जो सीधे भूमि से जुड़ा होता है और जिसके नीचे डमरू के आकार का आधार नहीं होता। ऐसे शिवलिंग की पूजा बैठकर करना शुभ माना गया है। वहीं, डमरू आकार के आधार पर स्थापित विष्णु शिवलिंग की आराधना खड़े होकर करने का विधान बताया गया है। मान्यता है कि सही विधि से पूजा करने पर साधक को आध्यात्मिक ऊर्जा, मानसिक शांति और विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
शिव पुराण में शिवलिंग की संरचना का भी विशेष महत्व बताया गया है। इसके मूल भाग में ब्रह्मा, मध्य भाग में भगवान विष्णु और शीर्ष पर भगवान शिव का वास माना जाता है, जबकि वेदी में आदिशक्ति का निवास होता है। यह स्वरूप सृष्टि, पालन और संहार के शाश्वत चक्र का प्रतीक है। वहीं, ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के स्वयंभू और दिव्य प्रकाश स्वरूप माने जाते हैं। मान्यता है कि ये किसी मनुष्य द्वारा स्थापित नहीं किए गए, बल्कि स्वयं प्रकट हुए हैं। भारत में स्थित 12 ज्योतिर्लिंग-सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारनाथ, काशी विश्वनाथ सहित अन्य तीर्थ-शिव भक्तों के लिए अत्यंत पवित्र माने जाते हैं। इन ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और पूजा से मोक्ष, सकारात्मक ऊर्जा और भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होने की मान्यता है।
