दुर्ग। शहर के बीचों-बीच इंदिरा मार्केट रोड स्थित पोलसाय पारा इलाके में सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने जलाराम लॉज और उसके आसपास मिठाई दुकान व आइसक्रीम की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए 3 युवतियों सहित 7 लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, लंबे समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर दुर्ग पुलिस ने विशेष टीम बनाकर निगरानी शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध हालत में तीन युवतियों और दो युवकों को पकड़ा। इसके अलावा मौके से लॉज संचालक और अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में विजय गुजराती का नाम भी सामने आया है, जबकि एक अन्य संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। यह पूरी कार्रवाई दुर्ग के CSP (IPS) हर्षित और DSP भारती मरकाम के नेतृत्व में की गई। वहीं, पुलिस अधीक्षक और DIG-SSP IPS विजय अग्रवाल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से यह ऑपरेशन चलाया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इंदिरा मार्केट जैसे व्यस्त इलाके में स्थित जलाराम लॉज और आसपास की दुकानों की आड़ में कथित रूप से यह अवैध गतिविधि लंबे समय से संचालित की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने भी इस पर सवाल उठाए हैं और कई बार संदिग्ध आवाजाही की शिकायतें की थीं। छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने सभी को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कुछ और नामों के सामने आने की संभावना है, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना के बाद शहर में अवैध गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को जल्द उजागर किया जाएगा।
