रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई के तहत खरसिया पुलिस ने एक शातिर सीरियल चोर को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी ने बाइक, स्कूटी, सूने मकानों, गैस सिलेंडर और मोबाइल चोरी सहित कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। उसकी गिरफ्तारी से थाना खरसिया और चौकी खरसिया के दो दर्ज मामलों का खुलासा हुआ है, जबकि पूछताछ में कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी पता चला है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक चोढ़ा चौक के पास चोरी का सामान बेचने की फिराक में है। सूचना पर चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान करन चौहान (21 वर्ष), निवासी गांधीनगर मदनपुर, थाना खरसिया के रूप में बताई और चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 12 जुलाई को उत्तम ढाबा से एक्टिवा स्कूटी, 23 जुलाई को ग्राम बासमुड़ा से टीवीएस जुपिटर स्कूटी, 24 जुलाई की रात ग्राम बगबुढ़वा के एक सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर, सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स और फैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा उसने मदनपुर बस्ती से तीन गैस सिलेंडर और ग्राम पतरापाली से एक पोको मोबाइल फोन चोरी करना भी स्वीकार किया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक खंडहर मकान से फैशन प्रो मोटरसाइकिल, टीवीएस जुपिटर, एक्टिवा स्कूटी, पोको मोबाइल, तीन गैस सिलेंडर और सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर अभी बरामद नहीं हो सके हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से चौकी खरसिया के अपराध क्रमांक 355/2026 और थाना खरसिया के अपराध क्रमांक 397/2026 का खुलासा हो गया है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि खरसिया के अलावा जूटमिल, कोतरारोड़, चक्रधरनगर, भूपदेवपुर और धरमजयगढ़ क्षेत्रों में भी चोरी के आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
