यूपी में सनसनीखेज वारदात: पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन बाद फर्श तोड़कर मिला कंकाल

Follow Us

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने शराबी पति की हत्या कर उसके शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले की गंभीरता से जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला रूबी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा को नींद की गोलियां खीर में मिलाकर खिलाई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। यह घटना 17 मई की रात की बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि, उस समय दोनों की दो नाबालिग बेटियां और सास घर में मौजूद थीं।

पति की मौत के बाद रूबी ने शव को छिपाने के लिए खौफनाक योजना बनाई। उसने घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और ऊपर से मिट्टी व गिट्टी डालकर पक्का फर्श बनवा दिया, ताकि किसी को शक न हो। करीब 45 दिनों तक यह राज छिपा रहा, लेकिन पुलिस पूछताछ के दौरान महिला ने सच कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर बाथरूम का फर्श तोड़ा गया, जहां से कंकाल बरामद हुआ। शव को डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मिस्त्री और मजदूर से भी पूछताछ की, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है।