होटल के कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी, फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका

Follow Us

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान सरकंडा निवासी शिव शंकर शर्मा (23), पिता नंदलाल शर्मा के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था और उसने होटल इंटरसिटी में कमरा बुक कराया था। कुछ समय बाद होटल कर्मचारियों को कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।