‘बटवारा 1947’ : सनी देओल ने मां और दुनिया की सभी माताओं को किया फिल्म समर्पित, आज रिलीज होगा ट्रेलर

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म का ट्रेलर आज यानी 28 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।

सनी देओल ने सोशल मीडिया पर अपनी मां के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए फिल्म को अपनी मां और दुनिया की सभी माताओं को समर्पित किया। उन्होंने लिखा कि उनकी मां उनका प्यार, हौसला और ताकत हैं। इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में और उत्सुकता बढ़ गई है। ‘बटवारा 1947’ का ट्रेलर जयपुर के प्रसिद्ध सिंगल स्क्रीन थिएटर राज मंदिर में एक खास कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को मुंबई में भी ट्रेलर लॉन्च इवेंट आयोजित होगा, जिसमें फिल्म की स्टारकास्ट और मेकर्स शामिल होंगे।

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी सैय्यद असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या’ पर आधारित है। इसमें विभाजन के दर्द, इंसानी रिश्तों और भावनाओं को एक अलग नजरिए से दिखाया जाएगा।