मेलबर्न/कैनबरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक गंभीर मामला सामने आया है। एक कथित ऑनलाइन धमकी के बाद ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस (AFP) ने उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है और मामले को गंभीर सुरक्षा चिंता के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह धमकी सोशल मीडिया या किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सामने आई, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। यह घटना उस समय सामने आई है जब पीएम मोदी अगले सप्ताह अपने तीन देशों के दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाले हैं। ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां अब उस अकाउंट की पहचान और आईपी एड्रेस ट्रैक करने में जुटी हैं, जिससे यह पोस्ट किया गया था। हालांकि, अब तक किसी भी संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है।
अधिकारियों ने फिलहाल इस धमकी की सत्यता और गंभीरता का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जांच बेहद संवेदनशील है, इसलिए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ वार्षिक लीडर्स समिट में भाग लेंगे, जहां व्यापार, रक्षा सहयोग, महत्वपूर्ण खनिज और इंडो-पैसिफिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा वे प्रवासी भारतीय समुदाय और बिजनेस लीडर्स से भी मुलाकात करेंगे।
