कुरूद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हथियार और बाइक जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में स्कूल बस चालक पर चाकू से हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल, कुरूद की बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बस रोककर चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुरूद में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और गवाहों के बयान के आधार पर मुख्य आरोपी रोहन साहू (21) , निवासी मोंगरा थाना कुरूद, हाल निवासी अमृत विहार कॉलोनी, कुरूद को गिरफ्तार किया।
मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
