शिलॉन्ग। इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मेघालय की शिलॉन्ग कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। अदालत ने सरेंडर के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 23 जुलाई को सोनम की जमानत रद्द करते हुए तीन सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। सोनम करीब तीन महीने तक जमानत पर बाहर थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उसे दोबारा न्यायिक हिरासत में जाना पड़ा। अब इस हाई-प्रोफाइल हनीमून मर्डर केस की ट्रायल प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने निचली अदालतों द्वारा जमानत दिए जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा था कि गिरफ्तारी से जुड़े तथ्यों को ध्यान में रखते हुए उचित प्रक्रिया का पालन जरूरी था। वहीं, कोर्ट ने यह भी कहा है कि यदि तय समय में ट्रायल पूरा नहीं होता है, तो सोनम दोबारा जमानत के लिए आवेदन कर सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राजा रघुवंशी के परिवार ने संतोष जताया था। परिवार ने इसे न्याय की दिशा में अहम कदम बताया और मेघालय सरकार व जांच एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की। अब सभी की नजर मामले की आगे की सुनवाई पर है।
