सलमान खान के बॉडीगार्ड ने जुनैद खान को रोका, फिर भाईजान ने किया कुछ ऐसा; वीडियो वायरल

Follow Us

मुंबई। आमिर खान के बेटे और अभिनेता जुनैद खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो आमिर खान प्रोडक्शन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जिसमें सलमान खान भी शामिल हुए थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जुनैद खान सलमान खान से मिलने के लिए आगे बढ़ते हैं। इसी दौरान सलमान के सुरक्षा कर्मी उन्हें पहचान नहीं पाते और आगे बढ़ने से रोकते हुए हल्का सा पीछे कर देते हैं। हालांकि, जुनैद इस स्थिति पर कोई नाराजगी नहीं दिखाते और शांत भाव से पीछे हट जाते हैं। इसी बीच सलमान खान की नजर जुनैद पर पड़ती है। उन्हें पहचानते ही सलमान तुरंत जुनैद को अपने पास बुलाते हैं और गर्मजोशी से गले लगाते हैं। इसके बाद दोनों साथ में तस्वीरें भी खिंचवाते हैं। सलमान का यह व्यवहार सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद फैंस जुनैद खान की सादगी और विनम्रता की भी तारीफ कर रहे हैं। वहीं, सलमान खान के इस दोस्ताना अंदाज की भी खूब चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि जुनैद खान ने हाल के वर्षों में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की है। वह सोशल मीडिया पर अपेक्षाकृत कम सक्रिय रहते हैं और लाइमलाइट से भी दूरी बनाए रखते हैं। ऐसे में कई लोग उन्हें पहली नजर में पहचान नहीं पाते। कार्यक्रम में आमिर खान की पूर्व पत्नी रीना दत्ता भी मौजूद थीं। आमिर और रीना ने वर्ष 1986 में शादी की थी और उनके दो बच्चे इरा खान और जुनैद खान हैं। दोनों का 2002 में तलाक हो गया था, लेकिन आज भी उनके बीच अच्छे संबंध बने हुए हैं।