बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित देशभर से 226 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ सामाजिक, राष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मार्च 2026 के बाद आयोजित संघ के प्रशिक्षण शिविरों की समीक्षा की गई। बताया गया कि इस वर्ष देशभर में 83 संघ शिक्षा वर्ग और 12 कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित किए गए, जिनमें 18,842 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में शाखा संचालन, संघ कार्यपद्धति, ग्राम विकास, कुटुंब प्रबोधन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल रहे।
बैठक में सितंबर माह के दौरान शाखाओं के विस्तार, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा तथा ‘पंच-परिवर्तन’ अभियान के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए सरसंघचालक के प्रवास कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। समसामयिक मुद्दों पर चर्चा के दौरान जनगणना, जनसंख्या असंतुलन से जुड़ी चुनौतियों और नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यापक जनजागरूकता और सामाजिक प्रयासों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार किया गया।
बैठक में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दान पात्र में चढ़ावे की गिनती के दौरान सामने आई कथित गड़बड़ी पर भी चिंता जताई गई। संघ पदाधिकारियों ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए भरोसा जताया कि SIT और पुलिस की जांच निष्पक्ष रूप से पूरी होगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी। साथ ही श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई गई।
