हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरफ्तार, महिला कर्मचारी की सैलरी में गड़बड़ी का आरोप

Follow Us

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को महिला कर्मचारी की सैलरी में कथित गड़बड़ी और अमानत में खयानत के मामले में मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने विश्वविद्यालय की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी पर दबाव बनाकर उसकी सैलरी का बड़ा हिस्सा हर महीने अपने बेटे के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराया। पुलिस के अनुसार, महिला कर्मचारी शुभांगी मराठे की शिकायत और विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर 3 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया गया। जांच में कुल 1 लाख 49 हजार 384 रुपये के कथित गबन की पुष्टि होने के बाद आरोपी कुलसचिव को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, उन्हें थाने से ही जमानत मिल गई।

जांच में सामने आया कि शुभांगी मराठे विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा वह कुलसचिव के सरकारी निवास पर खाना बनाने का काम भी करती थीं। आरोप है कि शासन से मिलने वाले 11,515 रुपये मासिक वेतन में से उन्हें केवल 2,200 रुपये दिए जाते थे, जबकि शेष राशि उनके बेटे उदय कुलदीप के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराई जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, यह सिलसिला 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 तक चलता रहा। जांच समिति ने बैंक खाते, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट में पद के दुरुपयोग और कर्मचारी की सैलरी से रकम ट्रांसफर कराने की पुष्टि की। बताया गया है कि महिला कर्मचारी ने मामले की शिकायत कुलपति से की थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दुर्ग एसएसपी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने प्रशासनिक पद का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ कर्मचारी पर दबाव बनाया और डिजिटल पेमेंट के जरिए आर्थिक लाभ प्राप्त किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।