मोहला-मानपुर में नए आपराधिक कानूनों पर पुलिसकर्मियों का रिफ्रेशर प्रशिक्षण शुरू

Follow Us

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का रिफ्रेशर कोर्स शुरू किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में आईसीजेएस के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को नए कानूनों के प्रावधान, प्रक्रियाएं और उनके व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला के मीटिंग हॉल में चल रहे प्रशिक्षण में वरिष्ठ आरक्षकों समेत विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस इकाइयों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण एसएसपी वाय.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण को तीन चरणों में विषयवार आयोजित किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय न्याय संहिता का प्रशिक्षण 1, 5 और 12 अक्टूबर, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता का प्रशिक्षण 2, 6 और 13 अक्टूबर तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम का प्रशिक्षण 3, 7 और 14 अक्टूबर 2026 को होगा। पहले सत्र में 1 से 3 अक्टूबर, दूसरे में 5 से 7 अक्टूबर और तीसरे सत्र में 12 से 14 अक्टूबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान अपराध पंजीयन, विवेचना, साक्ष्य संकलन, कानूनी प्रक्रिया और पुलिस कार्रवाई में नए कानूनों के तहत हुए बदलावों को व्यवहारिक उदाहरणों से समझाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों-कर्मचारियों को कानूनों की व्यवहारिक और तकनीकी जानकारी देकर गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग तथा प्रभावी अपराध विवेचना के लिए तैयार करना है।