मुंबई में रेड अलर्ट जारी, भूस्खलन से रास्ते बंद, कई ट्रेनें रद्द; जनजीवन प्रभावित

Follow Us

मुंबई। देश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने शहर और आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश के चलते नवी मुंबई, पुणे और मुंबई के कई हिस्सों में हालात बिगड़ गए हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टनल-2 के पास भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना हुई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया है। प्रशासन और NHAI की टीमें लगातार मलबा हटाने और मार्ग को साफ करने में जुटी हैं।

भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भी असर पड़ा है। ठाकुरवाड़ी के पास भूस्खलन के बाद कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई है। नवी मुंबई नगर निगम ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यावश्यक स्थिति में ही घर से बाहर निकलें। वहीं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। एयरलाइंस ने भी चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी हो सकती है। प्रशासन और राहत टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।