नक्सल संगठन में बगावत! आत्मसमर्पण के बाद वेणुगोपाल देवजी पर NCC का हमला, ‘गद्दार’ करार

Follow Us

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के जगदलपुर से नक्सल मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आई है। आत्मसमर्पण के बाद माओवादी संगठन के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। नॉर्थ कोऑर्डिनेशन कमेटी (NCC) ने प्रेस नोट जारी कर पूर्व शीर्ष माओवादी नेता वेणुगोपाल देवजी को संगठन का “गद्दार” करार दिया है। NCC के इस कड़े बयान ने नक्सली खेमे में हलचल तेज कर दी है।

संगठन ने साफ कहा है कि, आत्मसमर्पण के बाद देवजी से उनका कोई संबंध नहीं रहा और उनके विचारों को संगठन की नीति नहीं माना जाएगा। सूत्रों के अनुसार, देवजी के सरेंडर के बाद से ही संगठन के भीतर असंतोष पनप रहा था, जो अब खुलकर सामने आ गया है। NCC ने अपने बयान में यह भी दोहराया कि, उनका सशस्त्र आंदोलन जारी रहेगा और वे “गुरिल्ला युद्ध” के जरिए अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

देवजी द्वारा संगठन पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग को भी NCC ने खारिज करते हुए इसे व्यक्तिगत राय बताया है। संगठन ने दावा किया कि, आंतरिक मतभेदों की खबरें बेबुनियाद हैं और वे पूरी तरह एकजुट हैं। इस घटनाक्रम के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। नक्सल मोर्चे पर इस नए विवाद ने क्षेत्र की सुरक्षा और राजनीति दोनों में हलचल बढ़ा दी है।