राम मंदिर ट्रस्ट ने की पुष्टि: चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे मिले, अगली बैठक में होगा फैसला

Follow Us

अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा सौंप दिया है। ट्रस्ट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों के त्यागपत्र प्राप्त हो चुके हैं और उन पर आगामी बैठक में विचार कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राम मंदिर परिसर से जुड़ी अप्रिय और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से पूरा न्यास स्तब्ध, आहत और दुखी है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और रामभक्तों का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त करते हुए स्पष्ट किया कि जिन भक्तों ने चांदी की ईंटें, सोने के आभूषण या अन्य मूल्यवान वस्तुएं व्यक्तिगत रूप से ट्रस्ट को सौंपी थीं, वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका पूरा लेखा-जोखा उपलब्ध है।

दानपात्र से धन गायब होने के मामले में ट्रस्ट ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की विशेष जांच टीम (SIT) से अंतरिम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। इसी रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट के अनुरोध पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने यह भी कहा कि कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व इस विवाद की आड़ में सनातन धर्म को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से बचें तथा दूसरों को भी ऐसी अफवाहों से दूर रहने के लिए जागरूक करें। ट्रस्ट ने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी और स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।