आईजीपी राम गोपाल गर्ग ने रायगढ़ पुलिस की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, समयबद्ध विवेचना और तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर

Follow Us

रायगढ़। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस बेहतर कार्य कर रही है, लेकिन बदलती चुनौतियों के अनुरूप पुलिसिंग को और अधिक प्रोफेशनल, तकनीक आधारित और परिणाममुखी बनाना आवश्यक है।

बैठक में आईजीपी ने निर्देश दिए कि सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में 90 दिनों तथा अन्य मामलों में 60 दिनों के भीतर विवेचना पूरी कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए। लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण, ई-साक्ष्य संकलन, ऑडियो-वीडियोग्राफी, सीसीटीएनएस में समय पर एंट्री, डिजिटल सिग्नेचर और MedLEaPR पोर्टल के उपयोग को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

आईजीपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज करने, चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए ‘सशक्त ऐप’ के अधिकतम उपयोग, आदतन अपराधियों की निगरानी, फरार आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र वारंट जारी कराने तथा एनडीपीएस मामलों की बेहतर विवेचना के लिए नियमित प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालयीन पेशियों में समय पर उपस्थिति और महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया।