रायपुर में स्कूली ऑटो में ओवरलोडिंग पर ट्रैफिक पुलिस सख्त, 17 ऑटो चालकों पर चालानी कार्रवाई

Follow Us

रायपुर । स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सख्त अभियान चलाया है। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वाले 17 स्कूली ऑटो चालकों पर आज मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। स्कूली छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर को की गई जांच के दौरान 17 ऑटो चालकों को नियमों का उल्लंघन करते पकड़ा गया।

जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाएं। चालक की सीट के अगल-बगल किसी भी बच्चे को न बैठाएं, क्योंकि इससे वाहन चलाने में परेशानी और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

यातायात पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से भी अपील की है कि वे बच्चों को भेजने वाले ऑटो की क्षमता और सुरक्षा मानकों पर ध्यान दें। ऐसे वाहनों में बच्चों को न भेजें जिनमें ओवरलोडिंग की जाती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।