बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल को विफलताओं और वादाखिलाफी का दौर करार देते हुए भाजपा पर सीधा हमला बोला है। राजीव भवन में आयोजित संयुक्त पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक बदहाली के मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा द्वारा सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाए जाने को जनता के साथ छलावा बताया।
‘बेरोजगारी और वादाखिलाफी दिवस’ मनाए भाजपा:
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि केंद्र सरकार का पूरा कार्यकाल केवल जुमलों और अधूरे दावों तक सिमटकर रह गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस दिन को सेवा संकल्प के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस और किसान धोखा दिवस के रूप में मनाना चाहिए।
हिरवानी ने आरोप लगाया कि प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने, किसानों की आमदनी दोगुनी करने, विदेशों से काला धन लाने और महंगाई घटाने के तमाम दावे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिना तैयारी के थोपी गई नोटबंदी और जटिल जीएसटी व्यवस्था ने देश के छोटे व्यापारियों और एमएसएमई सेक्टर की रीढ़ तोड़ दी। इसके अलावा देश में लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
दर्दनाक हादसा: घर से निकलीं तीन सहेलियों की तालाब में मिली लाशें, गांव में मातम
मोदी की गारंटी के नाम पर जनता से धोखा:
संजारी बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर मोदी की गारंटी के नाम पर जनता से वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 500 रुपये में गैस सिलिंडर, 1 लाख सरकारी नौकरियां, अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ और छात्रों के लिए मुफ्त परिवहन पास जैसे वादों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। महतारी वंदन योजना का लाभ भी सभी पात्र महिलाओं तक नहीं पहुंच रहा है, वहीं गौठानों को बंद कर दिया गया।
आशीर्वाद के दीया अभियान पर प्रशासनिक खर्च का मांगा हिसाब:
विधायक संगीता सिन्हा ने बालोद जिला प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए पूछा कि ‘आशीर्वाद के दीया अभियान’ के तहत सरकारी विभागों को लक्ष्य क्यों दिया गया? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह कोई विधिवत सरकारी आयोजन है? यदि हां, तो तेल, बाती और दीयों पर हो रहे खर्च का भुगतान किस मद से किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और विभागीय प्रमुख इसका हिसाब-किताब तैयार रखें, क्योंकि जनता के पैसे का जवाब देना होगा।
विश्वकर्मा पूजा के दौरान दिखा कोबरा, मौके पर मची अफरा-तफरी, सुरक्षित रेस्क्यू
प्रेसवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे, महामंत्री धीरज उपाध्याय, शंभू साहू, ब्लॉक अध्यक्ष (शहर) अंचल प्रकाश साहू, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, डौंडीलोहारा ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार प्रभाकर, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, पार्षद सुमित शर्मा, संतोष तारम और रमेश कङू सहित अनेक कांग्रेसी उपस्थित थे।
