आनंद कुकरेजा को धमकी के मामले में पूछताछ तेज, शोएब ढेबर समेत कई लोगों से पुलिस ने की पूछताछ

Follow Us

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ गई है। पुलिस ने अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके अलावा बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज और एक होटल के तीन कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक जांजगीर-चांपा के एक युवक को पहले पकड़ा गया था, जो होटल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। आरोप है कि उसी के जरिए कुकरेजा को फोन कर 25 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। पुलिस अब इस मामले में कॉल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक से पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे देर रात मेमन समाज के कार्यक्रम से पूछताछ के लिए थाने लाया गया। आरोप यह भी है कि धमकी के लिए इंटरनेट कॉल करने में हॉटस्पॉट की मदद उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या समूह शामिल है या नहीं। इसी बीच पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी बिश्नोई गैंग के नाम से 50 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था, जिसकी अलग से जांच चल रही है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही है।